लखनऊ। निगोहां में भवरेश्वर रोड पर रविवार रात करीब तीन बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे हुसैनगंज के उदयगंज निवासी कैटरिंग कारीगर हर्षित जायसवाल (25) की मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके दोस्त अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हर्षित के चचेरे भाई राहुल ने बताया कि रविवार रात भाई दोस्त अभिषेक के साथ भवरेश्वर मंदिर दर्शन करने गए थे। बाइक बिना हेलमेट के अभिषेक चला रहे थे। रात करीब तीन बजे भवरेश्वर मंदिर रोड पर बाइक फिसलते हुए काफी दूर चली गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पीजीआई स्थित ट्रॉमा-2 पहुंचाया। वहां हर्षित की मौत हो गई। पुलिस ने उनके पास से मिले मोबाइल से घरवालों को घटना की जानकारी दी। हर्षित के परिवार में पत्नी महिमा और एक बेटा आदर्श है। वहीं, गंभीर रूप से घायल अभिषेक की हालत नाजुक है।