महाराष्ट्र में फंसे हुए उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों के लिए शनिवार सुबह नासिक से लखनऊ के लिए एक विषेश ट्रेन का संचालन किया गया। केंद्रीय रेलवे (सीआर) ने बताया कि 847 मजदूरों को लेकर ट्रेन आज सुबह 10:20 बजे नासिक से रवाना हुई।
केंद्रीय रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने बताया कि सभी को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराते हुए ट्रेन से रवाना किया गया। इनमें पांच वर्ष से कम उम्र के आठ बच्चे भी शामिल थे। मजदूरों को लेकर रवाना हुई ट्रेन में 17 कोच हैं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नासिक से भोपाल के लिए दो श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलनी थीं, लेकिन केंद्रीय रेलवे ने केवल एक का ही संचालन किया। कल रात 300 प्रवासियों को लेकर निकली ट्रेन आज सुबह भोपाल पहुंची।
लखनऊ के लिए निर्धारित ट्रेन को भी शुक्रवार रात ही निकलना था, लेकिन किन्हीं कारणों से इसके संचालन में देरी हो गई और ट्रेन आज सुबह रवाना हुई। यह ट्रेन कल यानी रविवार को लखनऊ पहुंचेगी।
चारबाग रेलवे स्टेशन पर होगी स्क्रीनिंग
इन मजदूरों को लेकर विशेष ट्रेन रविवार सुबह आठ बजे चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। प्रशासन ने रेलवे व स्वास्थ्य विभाग की मदद से स्टेशन पर सभी की स्क्रीनिंग जांच के इंतजाम कराए हैं।
एडीएम ईस्ट केपी सिंह ने बताया कि सभी मजदूरों की स्क्रीनिंग के बाद रोडवेज की विशेष बसों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए उन्हें उनके मूल जिले भेजा जाएगा। आने वाले मजदूरों में सबसे ज्यादा 100 सिद्धार्थनगर जिले के हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष ट्रेन से राजधानी से जुड़े सिर्फ पांच लोगों के ही आने की जानकारी है। इनकी स्क्रीनिंग के बाद क्वारंटीन केंद्र पर रखा जाएगा। साथ ही बसों के जरिए भी नोएडा से कुछ मजदूरों के रविवार देर शाम तक आने की संभावना है।