सोमवार को ही एसआईटी प्रमुख सुजीत पांडेय विवेक तिवारी के घर भी गए और विवेक तिवारी की पत्नी से भी लंबी बात की। वहीं एसआईटी की एक टीम ने घटना की चश्मदीद सना के भी बयान दर्ज किए हैं। सूत्रों की मानें तो मंगलवार को एसआईटी की टीम सना को लेकर घटना स्थल पर जा सकती है और वहां पर घटना का रूपांतरण करेगी।
दरअसल एसआईटी की कमान संभाल रहे आईजी रेंज लखनऊ सुजीत पांडेय को सीबीआई का लंबा अनुभव है। सोमवार को जब यह तय हो गया कि मामले की सीबीआई जांच नहीं होगी तो उन्होंने इसकी जांच सीबीआई की ही तर्ज पर करने का फैसला किया और पूरी प्लानिंग तैयार की।
इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रही विवेक तिवारी की गाड़ी की दो तस्वीरों ने भी पुलिस पर कई सवाल खड़े किए हैं। हालांकि इस मामले की जांच कर रहे एसआईटी के अध्यक्ष और लखनऊ रेंज के आईजी सुजीत पांडेय ने बताया कि, विवेक की कार की वीडियोग्राफी घटना स्थल और गोमतीनगर थाने दोनों स्थानों पर कराई गई है। जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं उनका मिलान वीडियो से किया जाएगा। सुजीत पांडेय ने बताया कि फॉरेंसिक टीमें एक एक इंच और एक एक चीज की बारीकी से जांच करती हैं।