लखनऊ। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट सामने आने के बाद राजधानी के शुभचिंतकों ने रविवार को उनकी लंबी उम्र की दुआएं मांगी। इसी कड़ी में सावन के दूसरे सोमवार पर राजेंद्र नगर के महाकाल मंदिर में होने वाली एकमात्र भस्म आरती उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना के लिए की जाएगी। बिग बी के चाहने वालों ने रविवार को लॉकडॉउन के चलते घरों में हवन किए। महाकाल मंदिर के भक्त अतुल मिश्रा ने बताया बिग बी कोरोना काल में लगातार देशवासियों को बीमारी से बचने और सावधान रहने को जागरूक करते रहे। उनको कोरोना होने के बाद से हम सब चिंतित हैं। सोमवार की तड़के सुबह 4 बजे मंदिर के गर्भ गृह में उज्जैन महाकाल की तर्ज पर होने वाली भस्म आरती कर बाबा महाकाल से अमिताभ बच्चन समेत तमाम कोरोना पीड़ितों की सलामती के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी। उधर, रविवार को बिग बी के फैन वरिष्ठ अधिवक्ता राम उग्रह शुक्ला ने घर पर विशेष हवन कर उनकी सलामती की कामना की। त्रिवेणी नगर-3 स्थित आवास पर उन्होंने सुबह 108 आहुतियों से हवन कर उनके स्वास्थ्य की कामना की।