फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजधानी में छह किमी लंबे टिड्डी दल का हमला

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। पाकिस्तान से भारत आए टिड्डी दल ने रविवार दोपहर करीब सवा एक बजे उन्नाव के रास्ते लखनऊ में धावा बोला। पहले से किए गए इंतजाम के चलते करीब आधे घंटे के बाद करीब छह किमी लंबा टिड्डी दल बिना नुकसान पहुंचाए बाराबंकी जिला की तरफ बढ़ गया। पुराने लखनऊ के इलाकों में जहां टिड्डियों का असर अधिक दिखा, वहीं गोमतीनगर की तरफ टिड्डियां दिखाई नहीं दीं। दुबग्गा, काकोरी में मंडराने के बाद टिड्डी दल पुराने लखनऊ, अलीगंज, विकासनगर, राजाजीपुरम, इंदिरानगर, मुंशीपुलिया के आसपास के इलाकों में होते हुए बाराबंकी की तरफ बढ़ गया। राजधानी पहुंचने पर लोगों ने थाली-ताली बजाकर टिड्डियों को भगाया। वहीं पहले से तैयार प्रशासन की टीमों ने पुलिस के साथ टिड्डियों को भगाने के लिए हूटर बजाया। टिड्डी दल को बैठने से रोकने के लिए नगर निगम की टीमों ने ढोल बजाना शुरू कर दिया। यह प्रक्रिया लालबाग के अलावा हजरतगंज, पार्क रोड, विक्रमादित्य मार्ग, कालिदास मार्ग के आसपास की गई। यहां टिड्डियों का डेरा बना रहा, लेकिन बैठ नहीं पाने की वजह से दल को आगे बढ़ना पड़ा। 24 घंटे में मांगी गई है नुकसान की रिपोर्ट टिड्डी दल की निगरानी को तैनात टीमों के प्रभारी व सीडीओ मनीष बंसल ने बताया कि टिड्डी दल दोपहर करीब सवा बजे राजधानी में प्रवेश किया, लेकिन करीब आधा घंटा मंडराने के बाद चला गया। पहले से तय तैयारी के कारण टिड्डियों को एक जगह न ठहरने देने के कारण कोई खास नुकसान नहीं हो पाया। हालांकि प्रभावित तहसीलों के एसडीएम से 24 घंटे में स्थलीय परीक्षण कर आशंकित नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने बताया कि कानपुर-उन्नाव के रास्ते लखनऊ में प्रवेश करने वाले इस टिड्डी दल ने सबसे पहले मैंगो बेल्ट काकोरी के साथ ही बख्शी का तालाब में अपना डेरा जमाया। लोग घर की छतों के साथ खेत में शोर मचाने लगे। इसके बाद ठाकुरगंज होकर यह दल सीतापुर रोड चौक क्षेत्र से होकर बालागंज, त्रिवेणी नगर, अलीगंज, ठाकुरगंज तथा मुफ्तीगंज क्षेत्र से शहर में घुसा। टिड्डियों का एक दल विकास नगर, हजरतगंज, इंद्रा नगर, विकास नगर, अलीगंज होते हुए देवा रोड से बाराबंकी सीमा में चला गया। फायर ब्रिगेड ने किया कीटनाशक का छिड़काव टिड्डी दल के आने की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस बाइक से हूटर बजाते निकली। सीडीओ ने बताया कि टिड्डी दल के हमले को ध्यान में रखते हुए सभी तहसीलों के एसडीएम को सुबह से ही सजग कर रोकथाम के लिए टीमों के साथ भेज दिया गया था। यह टीमें काकोरी बीकेटी, पारा की तरफ भेजी गई। प्रत्येक टीम में फायर ब्रिगेड की भी गाड़ियां थीं जिनसे कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा था। इन इलाकों में दिखी टिड्डी : अलीगंज, राजाजीपुरम, चौक, दुबग्गा, मुंशीपुलिया, इंदिरानगर, चिनहट, हुसैनाबाद, त्रिवेणीनगर, तकरोही, डालीगंज, निशातगंज। धुंधला हो गया आसमान दोपहर करीब 1.15 बजे त्रिवेणी नगर और आसपास के इलाकों में टिड्डी दल ने आसमान को धुंधला कर दिया। टिड्डियों की इतनी संख्या थी कि पूरे इलाके में शोर साफ सुना जा सकता था। इसके बाद टिड्डी दल को भगाने के लिए स्थानीय लोगों ने अपनी छतों और खुले जगहों में थाली और बाल्टियां बजाना शुरू कर दिया। छतों और बालकनी में रखे गमलों पर भी टिड्डी दल ने हमला किया। लगातार थाली और बाल्टियां बजाने के शोर ने टिड्डी दल को बैठने नहीं दिया। अपने गमले, रूफटॉप बगीचे बचाते दिखे लोग टिड्डी दल के हमले के समय शहर में लोगों को अपने गमलों में लगे सजावटी पौधों और रूफटॉप बगीचों की चिंता सबसे पहले हुई। घरों की खिड़कियां बंद कर लोग छत पर गमलों को बचाने के जतन करने पहुंच गए। किसी ने ग्रीन नेट तो किसी ने दूसरे तरीके से कवर कर उपाय किया। टिड्डी दल सुबह 11 बजे पहुंचा काकोरी कृषि निदेशालय के मुताबिक, टिड्डी दल लखनऊ के काकोरी ब्लॉक के तेज किशनखेड़ा, दौना व नकटौरा गांव में सुबह करीब 11 बजे प्रवेश किया। हवा की गति पूरब दिशा की ओर थी, जिसके कारण काकोरी के दुर्गागंज की तरफ से यह दल दुबग्गा चौराहे से उड़ता हुआ शहर के खदरा, महानगर, अलीगंज, इंदिरानगर, विकासनगर होते हुए देवा रोड की तरफ बढ़कर बाराबंकी की ओर चला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें