शहर के स्पेशल खिलाड़ियों ने अबुधाबी में चल रहे स्पेशल ओलंपिक में पदकों की झड़ी लगाकर राजधानी के लोगों को होली गिफ्ट दिया है। खेलों में लखनऊ के खिलाड़ियों ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। अभी तक शहर के पांच खिलाड़ी पदक जीत चुके हैं
छावनी स्थित आशा स्कूल की छात्रा प्रिया कुशवाहा ने एथलेटिक्स की 300 मीटर और 1000 मीटर रेस में श्रेष्ठता साबित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके अलावा उन्होंने दो गुणे 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। आशा स्कूल की प्रिंसिपल शर्मिष्ठा ने कहा कि यह वास्तव में स्कूल के लिए गौरव का क्षण है।
उधर, आशा ज्योति स्कूल की पूजा शंकर ने भी स्पेशल ओलंपिक में एक स्वर्ण और एक रजत अपने नाम किया। उन्होंने 100 मीटर में सोना जीता, जबकि 200 मीटर में रजत जीतने में कामयाब रही। पूजा शंकर इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का परचम फैला चुकी हैं। हालांकि स्पेशल ओलंपिक में यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।