श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में बृहस्पतिवार को सीओ नगर व जमुनहा की अध्यक्षता में विशेष किशोर पुलिस इकाई की मासिक समीक्षा व समन्वय बैठक हुई। इस दौरान बाल श्रम रोकने, पॉक्सो एक्ट के साथ-साथ बाल विवाह रोकने व उनके कल्याण के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गईं।
सीओ नगर संतोष कुमार ने महिला व बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा जारी अनुसंधान, थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, विवेचक के समक्ष आ रही समस्या, बाल श्रम, नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, लैंगिक समानता व नारी शक्ति आदि की जानकारी दी। कहा कि यदि किसी बाल अपचारी द्वारा कोई घटना की जाती है तो अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ही कार्रवाई की जाए। सभी बाल कल्याण अधिकारी क्षेत्र में जाकर बाल श्रम के खिलाफ चलायी जा रही योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दें।
वहीं सीओ जमुनहा सतीश कुमार शर्मा ने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे गांवों में चौपाल लगाकर बाल विवाह न करने के लिए प्रेरित करें। वहीं ग्रामीणों से ऐसा करने वालों की जानकारी देने की अपील करें। कहीं परित्यक्त नवजात शिशु मिलने पर उसे तत्काल उचित देखभाल के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाएं। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी मोहम्मद दानिश आजम, प्रभारी यातायात मोहम्मद शमीम, डिप्टी सीएमओ डॉ.रोहित, अध्यक्ष किशोर न्याय बोर्ड विश्राम पासवान व सदस्य सुशीला मिश्रा आदि मौजूद रहे।