लखनऊ। बाराबंकी के पास सैदखानपुर स्टेशन पर बनारस से लखनऊ आ रही मरुधर एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहिये से सोमवार रात करीब 12 बजे चिंगारी और फिर धुआं निकलने लगा। ब्रेक जाम होने के कारण यह स्थिति बनी।
एक यात्री ने धुआं देखकर जंजीर खींच दी, जिससे ट्रेन रुक गई। इसके बाद कोच में सो रहे और बैठे यात्री घबराकर ट्रेन से उतर पड़े। ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रही आरपीएफ और जीआरपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने अग्निशामक यंत्र की मदद से चिंगारी पर काबू पाया। आरपीएफ ने बताया कि सैदखानपुर स्टेशन पर हार्ड एक्सल की स्थिति के कारण यह घटना हुई। टीम ने तुरंत स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। इस दौरान ट्रेन का संचालन 40 मिनट तक प्रभावित रहा।