लखनऊ। मेरा अंतरिक्ष होनहार था...वह अक्सर हवा में उड़ने की बातें करता था। कुछ माह पहले जब बेटे से मिली तो यह पता नहीं था कि मेरी आंख का तारा मुझसे बहुत दूर चला जाएगा। ये शब्द पीजीआई के चरण भट्ठा रोड निवासी एनडीए पुणे में एयरफोर्स कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह की मां सीमा के थे।
शुक्रवार सुबह सात बजे सीमा, उनका छोटा बेटा अभिनव व पति सेना से रिटायर्ड रवि प्रसाद सिंह सोकर उठे ही थे, तभी मोबाइल पर जवान बेटे की मौत की खबर मिली। इस पर घर में कोहराम मच गया। चीत्कार सुन पहुंचे पड़ोसी उन्हें ढांढस बंधाने में जुट गए।
पार्टी के लिए खुश था भाई
सीमा उनके पति और अन्य घरवाले पुणे के लिए निकल गए। रिश्तेदारों के रोने की आवाजें घर में गूंज उठीं। हर तरफ मातम पसरा था। लोग एक दूसरे को संभालते रहे। वहीं फूटफूट कर रो रहे अंतरिक्ष के छोटे भाई अभिनव की हालत खराब हो गई। किसी तरह लोगों ने उन्हें संभाला। अपने रुंधे गले से उन्होंने कहा कि नौ अक्तूबर को शाम को भाई से बात हुई थी। उसने कहा कि था कि वहां पार्टी हो रही है। पार्टी में वह गाना गाने जा रहा है। फिर कॉल कट गई। मुझे लगा कि भाई से कल बात करूंगा। मगर सुबह उसकी मौत की खबर आई।
अंतरिक्ष की फाइल फोटो।