रायबरेली के सलोन से सपा विधायक आशा किशोर समेत तीन महिला नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों पर लोकायुक्त ने जांच शुरू कर दी है।
आशा किशोर पर अपने पति के नाम गलत ढंग से ग्राम पंचायत की करोड़ों की जमीन का पट्टा कराने का आरोप लगा है।
वहीं, बुलंदशहर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पिंकी गर्ग पर स्ट्रीट लाइट की खरीद में अनियमितता बरतने व सोनभद्र जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता राकेश पर खनन के वाहनों से शुल्क वसूली का ठेका देने में गड़बड़ी का आरोप है।
लोकायुक्त ने रायबरेली के डीएम से आशा किशोर के पति के नाम जमीन का पट्टा करने से संबंधित सारे अभिलेख मांगे हैं जबकि पिंकी गर्ग व अनीता राकेश के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए नोटिस जारी करके 31 अक्तूबर तक जवाब मांगा है।
लोकायुक्त एनके मेहरोत्रा के पास बृहस्पतिवार को तीन महिला नेताओं की शिकायतें पहुंची और तीनों का ही संज्ञान लेते हुए उन्होंने छानबीन शुरू कर दी।