समाजवादी पार्टी एक जुलाई को सदस्यता अभियान से पहले जिला और शहर स्तर पर संगठन को दुरुस्त करने की कवायद में जुटी हुई है।
अभी तक 59 जिला और शहर अध्यक्ष नामित किए जा चुके हैं। 34 और अध्यक्षों की घोषणा पर सभी की नजरें टिकी हैं। सोमवार को इनके नामों का ऐलान हो सकता है।
लोस चुनाव में हार के बाद सपा ने आठ जून को आठ जिलों को छोड़कर शेष सभी 85 जिला और शहर इकाइयां भंग कर दी थीं।
साथ ही 14 प्रकोष्ठों के कमेटियां भी भंग हो गईं थीं। एक पखवाड़े से कमेटियों का पुनर्गठन कर संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने की तैयारियां चल रही है।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव अब तक 59 जिला और महानगर अध्यक्षों का ऐलान कर चुके हैं। केवल 34 इकाइयों की घोषणा होना बाकी है।
इस बीच सपा ने एक जुलाई से सभी जिलों में सदस्यता अभियान प्रारंभ करने का फैसला लिया है।
ऐसा समझा जा रहा है कि सदस्यता अभियान से पहले सभी जिलों में अध्यक्षों की तैनाती के लिए सोमवार को शेष अध्यक्षों की घोषणा कर दी जाए।
सदस्यता अभियान के बाद सपा कई संगठनात्मक कार्यक्रम तय करने जा रही है। इसमें ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन भी शामिल हैं।