सपा मुखिया मुलायम सिंह के बुधवार को 325 विधानसभा उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इस सूची में अखिलेश के करीबी कई मंत्रियों को जगह नहीं मिली है। वहीं प्रत्याशियों के लिहाज से उम्मीदवारों का पलड़ा भारी रहा। सूची घोषित होने के बाद से पार्टी में खलबली है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करके कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं।
गुरुवार सुबह से ही लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं और प्रत्याशी जुटने लगे। सीएम अखिलेश यादव 5केडी पहुंचे, वहां विधायकों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा। अखिलेश ने विधायकों के साथ मीटिंग की। सीएम अखिलेश के आवास पर सांसद धर्मेंद्र यादव और मंत्री बलराम यादव भी पहुंचे वहीं अरविंद सिंह गोप और अभिषेक मिश्र ने भी मुलाकात की। इसी बीच अखिलेश यादव मुलायम सिंह यादव से मुलाकात करने उनके घर पहुंचे। इस दौरान शिवपाल भी मौजूद रहे। मीटिंग खत्म होने पर अखिलेश और शिवपाल निकल गए। अखिलेश के समर्थकों ने सपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
वहीं शिवपाल यादव के घर पर भी सुबह से भीड़ जुट रही है। जिन्हें टिकट मिला है वे उनका धन्यवाद करने पहुंच रहे हैं वहीं टिकट न पाने वाले सिफारिश के लिए पहुंचे। शिवपाल और मुलायम के आवास से कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालय भेज दिया गया।
बता दें कि जिस वक्त मुलायम सिंह ने टिकटों की घोषणा की थी उस वक्त अखिलेश बुंदेलखंड दौरे पर थे। अखिलेश को करीबियों के टिकट कटने की जानकारी मिलते ही उन्होंने कहा था कि जिन्होंने अच्छा काम किया है उनके बारे में नेताजी से एक बार फिर बात की जाएगी।