यूं तो जादू-टोने और तंत्र-मंत्र की धारणाएं वैज्ञानिक तर्कों के आगे टिकती नहीं, पर मुलायम के सियासी कुनबे में मचे बवाल के पीछे पार्टी के हमदर्द इसी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। सपा और सरकार में अहम ओहदों पर बैठे लोग भी निजी बातचीत में काला जादू का जिक्र कर रहे हैं।
उनका कहना है कि परिवार के कुछ खास लोगों से मिलकर अमर सिंह ने ऐसा जादू कराया है कि या तो ठीक निर्णय नहीं हो पा रहे हैं या फिर उन पर अमल करते वक्त व्यवधान पैदा हो रहा है।
हाल ही में सपा एमएलसी उदयवीर सिंह ने चिट्ठी में अखिलेश के समीकरण खराब करने के लिए काला जादू और तंत्र-मंत्र का सहारा लेने की बात कही गई थी। पर, उसके पहले से ही सपा से जुड़े क्या आम और क्या खास, सभी की जुबान पर यह बात रही है।
राजधानी में अति विशिष्ट माने जाने वाले विक्रमादित्य मार्ग पर टहल रहे एक दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कहते हैं, ‘आप (संवाददाता) क्या सोचते हैं, यह झगड़ा ऐसे ही हो रहा है। अमर सिंह ने परिवार की एक महिला से मिलकर काला जादू करा दिया है।