वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यकों को रिझाने के लिए सपा सरकार उन्हें तोहफा देने जा रही है। सरकार आगामी वित्तीय वर्ष 2016-17 से शादी अनुदान योजना के तहत उनकी बेटियों के विवाह में 10 हजार के बजाय 30 हजार रुपये अनुदान देगी।
इसके लिए इस योजना का बजट 15 करोड़ से बढ़ाकर 82.45 करोड़ रुपये कर दिया है। इससे 27 हजार से अधिक अल्पसंख्यक परिवारों को लाभ मिलेगा। वहीं, सूत्रों की मानें तो अगर इस योजना में और बजट की जरूरत हुई तो उसे भी सरकार मुहैया कराएगी।
‘हमारी बेटी उसका कल’ योजना के बंद होने से अल्पसंख्यक वर्ग के परिवारों में खासी नाराजगी है। सरकार इस योजना के तहत उनके परिवार की 10वीं पास बेटियों को आगे की पढ़ाई या फिर शादी के लिए 30 हजार रुपये अनुदान देती थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के समय अधिक से अधिक परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए अनुदान राशि घटाकर 20 हजार कर दी। बाद में, राज्य सरकार ने इस योजना को ही बंद कर दिया।