मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सफाई के लिए यूपी के नवरत्नों में शामिल करने की प्रधानमंत्री की घोषणा पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी में पहले से सफाई अभियान चल रहा है।
स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील होने के नाते अखिलेश यादव ने ‘क्लीन एंड ग्रीन’ का नारा दिया था। इसे अमली जामा पहनाया जा रहा है।
चौधरी ने कहा कि साफ-सफाई और हरियाली के नारे को अमली जामा पहनाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक तरफ राजनीति में शुचिता पर बल दिय, वहीं प्रशासन से लेकर गांव-शहरों तक के कायाकल्प की योजनाओं पर भी काम शुरू किया। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार ने लाखों हरे पेड़ कटवाकर पर्यावरण को सर्वाधिक क्षति पहुंचाई थी।
सपा सरकार बनने पर सीएम अखिलेश यादव ने सबसे पहले वृक्षारोपण और हरियाली बचाने की योजनाओं पर बल दिया। शिक्षण संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों के सहयोग से पर्यावरणीय जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए गए।