लखनऊ। शीर्ष वरीय सौंदर्या जायसवाल और गैर वरीय आन्या के बीच आइटा चैंपियनशिप में बालिका वर्ग का फाइनल खेला जाएगा। प्रतियोगिता के बालक वर्ग के खिताबी मुकाबले में शीर्ष वरीय हारिस खान की भिड़ंत युवराज सिह से होगी।
विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता में बालिका वर्ग का पहला सेमीफाइनल शीर्ष वरीय सौंदर्या और तीसरी वरीयता प्राप्त आशी किरन के बीच खेला गया। आसान मुकाबले में सौंदर्या ने तेज सर्विस और दमदार ग्राउंड स्ट्रोक का प्रदर्शन किया और आशी को मुकाबले में वापसी के लिए कोई भी मौका नहीं दिया। शीर्ष वरीय खिलाड़ी ने 6-0, 6-2 से जीत दर्ज करते हुए खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। इस वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में आन्या की भिड़ंत चौथी वरीयता प्राप्त अन्वेषा सिंह से हुई। उलटफेर भरे मुकाबले में आन्या ने शानदार खेल दिखाया और कोर्ट को बेहतर ढंग से कवर किया। दूसरी ओर अन्वेषा ने कई गलतियां की और मुकाबला 0-6, 4-6 से गंवा बैठी।
प्रतियोगिता के बालक एकल के पहले सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय हारिस खान का सामना तीसरी वरीयता प्राप्त तेज से हुआ। तीन सेट तक खिंचे मुकाबले में दोनाें खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए संघर्ष देखने को मिला। हारिस ने मुकाबले को 6-7, 7-6, 6-3 से अपने नाम करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। बालक वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त युवराज सिंह ने ऋद्धिमान राजपूत के खिलाफ तेजतर्रार खेल का प्रदर्शन किया और 6-0, 6-1 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
गोमती नगर विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में आइटा चैंपियनशिप अंडर 14 में खेलते युवराज सिंह