कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवालाबाज वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसा कहने वाले पहले अपने गिरेबान में झांकें। मोदी को अपने लोगों के कारनामे क्यों नहीं दिखते।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में व्यापम घोटाला और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर लगे आरोपों पर मोदी क्यों खामोश है।
सोनिया ने विकास के मोर्चे पर केंद्र सरकार को फेल बताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए विकास के झूठे वादों की कलई जनता के सामने खुल गई है। बिहार चुनाव के सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में कहा था कि कालेधन के खिलाफ कठोर कानून बनने से हवालाबाज परेशान हैं। इस पर अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आईं सोनिया गांधी से इंदिरा नगर में मीडिया ने सवाल किए तो उन्होंने बेबाकी से इसका जवाब दिया।