मृतक की बहू ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा डीह (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे मियां गांव में पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने जेल भेज दिया। मामले में आरोपी की पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया।
पूरे मियां गांव में मंगलवार रात करीब नौ बजे राम अधार यादव (75) की उसके बेटे दलबहादुर ने दवा न लाने से नाराज होकर लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी दल बहादुर को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में मृतक राम अधार यादव की बहू सरोज कुमारी ने मामला दर्ज कराया था। बुधवार को पुलिस ने आरोपी दल बहादुर को जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की बहू की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। मृतक की बहू सरोज कुमारी ने बताया कि वर्ष 2007 में पति दलबहादुर ने अपनी मां राजकली को खाना देर से देने पर पीटकर मार डाला था। अब पति के जेल जाने और ससुर की हत्या होने से उसे ही अपनी बेटियों गुड़िया, अन्नू, शिवानी की परवरिश करनी पड़ेगी।