खाद वितरण को लेकर अधिकारियों ने मंगलवार को बिक्री केंद्रों का जायजा लिया।
लखनऊ। खाद के लिए मची मारामारी के बीच जिला कृषि अधिकारी तेजबहादुर सिंह ने मंगलवार को काकोरी व बख्शी का तालाब स्थित सहकारी व निजी बिक्री केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान कहीं कम खाद दे दी गई तो कहीं अधिक कीमत वसूली गई। पांच स्थानों पर अनियमितता मिलने पर विक्रेताओं को नोटिस जारी किया गया।
काकोरी में पीसीएफ के बिक्री केंद्र के समिति प्रभारी ने विक्रय रजिस्टर नहीं दिखाया। उसे कारण बताओ नोटिस दिया गया है। बीकेटी में एसके इंटरप्राइजेज निजी उर्वरक विक्रय केंद्र पर खाद बांटने में अनियमितता मिली। किसानों से मोबाइल पर बात करने पर पता चला कि उन्हें दर्शायी गई मात्रा से कम खाद दी। इस पर विक्रेता की बिक्री रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
साधन सहकारी समिति चंद्राकोडर पर सचिव बिना खतौनी प्राप्त किए किसानों को उर्वरक बांटते मिले। इस पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यादव खाद भंडार में विक्रेता वर्षों पुराने विक्रय रजिस्टर पर ही वितरण कार्य दर्ज करता मिला। उसे चेतावनी जारी करते हुए नए रजिस्टर पर किसानों के मोबाइल नंबर के साथ विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। साधन सहकारी समिति महिगवां में किसानों ने समिति सचिव पर यूरिया के लिए प्रति बोरी 280 रुपये लेने की बात कही। मौजूद किसानों को अधिक ली गई रकम वापस कराने के साथ विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
खाद वितरण को लेकर अधिकारियों ने मंगलवार को बिक्री केंद्रों का जायजा लिया।