फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: कुछ सड़कें बनीं, तो कई को बजट का है इंतजार

Mon, 27 Mar 2023 12:58 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में छह विधानसभा सीटें हैं। इनमें चार पर सपा और दो पर भाजपा का कब्जा है। चुनाव के समय जनता से किए वादों को एक साल में पूरा करने की विधायकों ने भरपूर कोशिश की है। कार्य अब धरातल पर दिख भी रहे हैं। अधूरे कार्यों को चार सालों में पूरा करने का भरोसा जनता को दिया जा रहा है। सपा विधायक सरकार न होने के बावजूद विकास कराने की बात कहते हैं जबकि भाजपा विधायक अपने और सरकार के बूते भरपूर विकास करने का दावा कर रहे हैं। उधर, चुनाव में हारे हुए प्रत्याशियों का कहना है कि वादों को पूरा करने में खानापूर्ति की जा रही है।
विज्ञापन


विधानसभा क्षेत्र-ऊंचाहार
विधायक : डा. मनोज कुमार पांडेय
प्रमुख वादे : ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में बची हुईं ग्रामसभाओं को पक्के मार्ग से जुड़वाना, ग्राम पंचायतों में प्रकाश व्यवस्था के लिए सौर ऊर्जा, खरौली तीर का पुरवा पर गंगा पर पक्का पुल, प्रदूषण की रोकथाम, बकुलाही ड्रेन, इसौर ड्रेन, पुल-पुलियों का निर्माण।
काम जो कराए : विधानसभा क्षेत्र में 1300 स्ट्रीट लाइटें, 1000 सोलर लाइटें, 250 से अधिक इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाए हैं। विद्युत बिलों में सुधार, छूटे हुए गांवों में विद्युतीकरण व ट्रांसफाॅर्मर उच्चीकृत कराने के लिए रिमैप योजना में शामिल कराया।
विज्ञापन

विधायक निधि खर्च : 100 फीसदी (3 करोड़ रुपये)
आगे की योजना : क्षेत्र में 35 पुल-पुलियों के नवनिर्माण, गंगा किनारे के 11 गांवों की सड़कों, बकुलाही नाले की खुदाई, इसौर ड्रेन की सफाई, ऊंचाहार उच्च प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रामा सेंटर की सुविधा स्वीकृत कराईं। जिन्हें पूरा कराया जाएगा।
ऊंचाहार क्षेत्र की जनता परिवार की तरह है, जिसके हर सुख-दुख में साथ देना हमारा कर्तव्य है। 138 चौपालें लगाकर समस्याएं सुनीं। लगभग 28 करोड़ की लागत से 83 नए मार्ग व टूटे मार्ग को बनवाने, 60 ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन लगाने का काम प्रगति पर है। एनटीसी के प्रदूषण से छुटकारा दिलाने के लिए विधानसभा में प्रकरण उठाया तो हाईपावर कमेटी बनी। जिसमें स्वास्थ्य, प्रदूषण, वन, कृषि, यातायात के अधिकारी शामिल हैं। प्रदेश में सपा सरकार नहीं बनी, इसलिए समाजवादी पेंशन व बिजली माफी लागू नहीं करा पाए।
-डा. मनोज कुमार पांडेय, विधायक।
ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के बारे में पूरी तरह जानकारी है। चुनाव के दौरान भी कई बड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनका निस्तारण कराया जाना जरूरी है। आपराधिक घटनाओं में इजाफा हुआ है। सड़कों का बुरा हाल है। पानी की समस्या बनी हुई है। विकास नजर नहीं आ रहा है। किसान और युवा परेशान हैं। रोजगार नहीं मिल रहा है। अगर कुछ विकास दिख भी रहा है तो वह सब सरकार की देन है। स्थानीय स्तर पर समस्याओं को दूर करने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। चुनाव भले ही नहीं जीता, लेकिन वह जनता के साथ खड़ी रहेंगी।
-अंजलि मौर्या, बसपा प्रत्याशी।

विधानसभा क्षेत्र-सलोन
विधायक : अशोक कुमार
प्रमुख वादे : सलोन विधानसभा क्षेत्र में सभी चौराहों पर हाईमास्ट लाइटें लगवाना, मुख्य मार्गों के साथ ही संपर्क मार्गों को बनवाना, इंटरलॉकिंग लगवाना, नई सड़कों का निर्माण कराना, हर घर नल योजना के तहत पानी पहुंचाना, पुल निर्माण का कार्य कराना है।
काम जो कराए : क्षेत्र के 12 गावों में इंटरलॉकिंग लगवाई है। प्रकाश व्यवस्था के लिए 20 बड़े चौराहों पर हाईमास्ट लाइटें लगीं हैं। लगभग 35 सड़कें बन चुकी हैं तो कुछ प्रक्रिया में है। तारकोलवा पुल के साथ क्षेत्र में 10 लघु सेतु पास कराए हैं।
विधायक निधि खर्च : 100 फीसदी (3 करोड़ रुपये)
आगे की योजना : क्षेत्र की हर प्रमुख सड़क पर महान विभूतियों के नाम पर स्वागत द्वार, मार्गों के निर्माण कार्य, लघु सेतुओं को बनवाना है। ब्लॉक मुख्यालय और मिनी स्टेडियम बनवाएंगे। महिला डिग्री कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज खुलवाएंगे।
विधानसभा क्षेत्र की हर समस्या के लिए हमेशा जनता के बीच रहते हैं। समस्याओं के निदान के लिए प्रयास हो रहे हैं। जनता ने जिस विश्वास के साथ चुना है, उस पर विश्वास खरा उतर रहे हैं। जनता से जितने वादे किए, उन्हें पूरा करा रहे हैं। अगले चार साल में सारे वादे पूरे कर दिए जाएंगे। क्षेत्र की 25 सड़कें प्रस्तावित हैं, जो जल्दी बन जाएंगी। सूची में ब्लाक बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पुल निर्माण पास हो चुके हैं। मिनी स्टेडियम की सौगात भी जल्द मिलेगी। नए शैक्षिक संस्थाओं को खोला जाएगा। सड़कों के उच्चीकरण और नए मार्ग बनवाए जाएंगे।
-अशोक कुमार, विधायक।

डबल इंजन की सरकार के बावजूद सलोन विधानसभा क्षेत्र विकास से अछूता है। सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गईं हैं। कोई सड़क चलने लायक नहीं है। छुट्टा मवेशियों की समस्या दूर नहीं हुई। किसान अपनी फसल बचाने को लेकर परेशान हैं। गोशाला में मवेशी भूखों मर रहे हैं। सड़कों पर घूम रहे छुट्टा मवेशियों से हादसे हो रहे हैं। सलोन क्षेत्र आलू उत्पादन का हब है। किसानों को आलू का रेट सही से नहीं मिल पा रहा है। किसानों की समस्या पर सब चुप हैं। भाजपा की नीतियां धरातल से बहुत दूर हैं। जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
-अर्जुन पासी, कांग्रेस प्रत्याशी।

विधानसभा क्षेत्र-हरचंदपुर
विधायक : राहुल लोधी, हरचंदपुर
प्रमुख वादे : विधानसभा क्षेत्र को छुट्टा मवेशियों से छुटकारा दिलाएंगे। पेयजल व्यवस्था को सही करने के लिए हर घर नल योजना लाएंगे। फ्लोराइड युक्त पानी से क्षेत्रवासियों को निजात दिलाएंगे। सार्वजनिक स्थलों व बाजारों में सोलर लाइट लगवाएंगे।
काम जो कराए : क्षेत्र में 20 इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाए। फ्लोराइड युक्त पानी की व्यवस्था की। कई जगह प्रकाश के लिए सोलर लाइट लगवाईं। गढ़ी हरदासपुर से अचलेश्वर सड़क मार्ग, कहुआ में इंटरलॉकिंग समेत कई सड़कें बनवाईं।
विधायक निधि खर्च : 100 फीसदी (3 करोड़ रुपये)
आगे की योजना : हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के जोहवा शर्की में बरसात के समय जलभराव का समस्या दूर करने के लिए निजी व्यवस्था से नाले का निर्माण करवाएंगे। बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए रायबरेली से गुरबक्शगंज, खीरों, होते हुए लखनऊ तक परिवहन निगम की बस चलाएंगे।

हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। जनता की समस्याएं दूर कराने में हर संभव प्रयास किया। एक साल में सोलर लाइटें, हैंडपंप लगवाने, सड़कों को बनवाने का काम किया। हमारा प्रयास निरंतर जारी है। किसानों व मजदूरों के पुराने बिजली बिलों को माफ कराया जाएगा। क्षेत्रवासियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास चल रहे हैं। जल्दी ही यह समस्या दूर होगी। क्षेत्रवासियों ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें सदन तक पहुंचाया है, उसपर खरा उतरेंगे। विकास और समस्याएं दूर कराना ही उनका मकसद है।
-राहुल लोधी, विधायक।

सपा विधायक का कौन सा विकास और कैसा विकास। यहां तो विकास भाजपा सरकार करा रही है। सामूहिक विवाह के जरिए गरीब बेटियों की शादी, निशुल्क राशन वितरण, सड़क निर्माण जैसे कई कार्य सरकार करा रही है। इसमें विधायक का कोई योगदान नहीं है। क्षेत्र में पेयजल की दिक्कत है। जलस्तर काफी नीचे जा चुका है। समस्या के निस्तारण के लिए सोलर वाटर पंप लगाने के साथ ही टंकियों का निर्माण कराने की जरूरत है। जिसके लिए कोई प्रयास नहीं हो रहा है। उन्होंने अपनी विधायकी के कार्यकाल में 100 करोड़ के विकास कार्य कराए थे।
-राकेश सिंह, भाजपा प्रत्याशी।

विधानसभा क्षेत्र-बछरावां
विधायक : श्याम सुंदर भारती
प्रमुख वादे : आप चादर तान के सो जाइएगा, हम आपकी चौकीदारी करेंगे। शिविर लगाकर हर गरीब का राशन कार्ड बनवाए जाएंगे। हर गरीब के हाथों में रोजगार हो। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, कानून व्यवस्था जैसे मूलभूत मुद्दों पर चुनाव लड़ा गया।
काम जो कराए : पांच विद्यालयों में एक-एक कक्ष का निर्माण कराया। बछरावां, शिवगढ़, महराजगंज विकास क्षेत्रों में एक हजार से अधिक सोलर लाइटें लगवाईं। विधानसभा क्षेत्र के तीनों विकास क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग का कार्य भी कराया है।
विधायक निधि खर्च : 100 फीसदी (3 करोड़ रुपये)
आगे की योजना : विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। नाली-नालों को बनवाने का काम होगा। स्कूलों का निर्माण कराया जाएगा। जिन इलाकों में बिजली व्यवस्था नहीं है, वहां बिजली पहुंचाई जाएगी।
हमारी सरकार न बन पाने से क्षेत्र की जनता की समस्याएं दूर नहीं हो पा रही हैं। विकास कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। प्रदेश व केंद्र की सरकारें अपने में मस्त हैं। विद्युत विभाग में फैली अव्यवस्थाओं की शिकायत कई बार उच्चाधिकारियों से की लेकिन कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल भी ठीक नहीं है। इस बारे में विधानसभा में सवाल उठाए गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है। थानों में गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। सिर्फ पूंजीपतियों और ऊंची पहुंच वालों की थाने में सुनी जा रही है।
-श्याम सुंदर भारती, विधायक।

चुनाव के दौरान क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानने की कोशिश की। इन्हें दूर कराने के लिए काफी प्रयास किया। अगर चुनाव जीत जाता तो एक-एक समस्या का निस्तारण कराने के साथ ही विकास कार्य कराए जाते। एक साल में कितना विकास कार्य हुआ और कितनी समस्याएं दूर हुईं, इस बारे में कुछ कहना अभी मुश्किल है। कुछ व्यवस्तता के कारण अभी बछरावां क्षेत्र के बारे में कुछ नहीं कह सकता। इस बारे में बाद में बात करेंगे।
विज्ञापन

-लक्ष्मीकांत रावत, अपना दल प्रत्याशी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें