ठंड के चलते अलाव जलाकर हाथ सेंकते लोग
- फोटो : सुदर्शन झा
पहाड़ों से आती बर्फीली पछुआ हवाओं ने प्रदेश को गलन भरी ठंड की चपेट में लेना शुरू कर दिया है। गुरुवार को दिन भर चली बर्फ सा एहसास कराती हवाओं ने प्रदेश को कंपाया। प्रदेश में मेरठ और बरेली में तापमान 3 डिग्री के करीब जा पहुंचा है। मौसम विज्ञानियों ने प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में शुक्रवार को शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है जबकि प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में शीतलहरी की बात की गई है। पश्चिमी उतर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड डे कंडीशन हावी रहेगी।
बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में दिन के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखी गई। प्रदेश में बरेली 3.3, मेरठ 3.5, फतेहगढ़ 4.7 डिग्री के साथ ठंडे स्थान रहे। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उतर प्रदेश और पश्चिम उतर प्रदेश के अधिकतम स्थानों में दिन का न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। दिन में खिली धूप के बावजूद पछुआ के झोंकों अधिकतम पारा भी कई जगह तेजी से गिरा।
अलीगढ़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नजीबाबाद, सहारनपुर, बरेली, हमीरपुर में दिन का अधिकतम तापमान 15 से 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम और न्यूनतम पारे में गिरावट के चलते प्रदेश में जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ। सड़कों पर शाम के बाद दिखे लोग भारी भरकम गर्म कपड़ों में दिखे।