ग्राम प्रधान को सम्मानित करतीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी।
- फोटो : amar ujala
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उन्नाव कांड पर कहा कि सरकार महिला सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। कानून व्यवस्था राज्य सरकार के अधीन है और सरकार इसे देख रही है। मेरा निवेदन है कि जांच एजेंसी को निष्पक्ष जांच करने का मौका दिया जाए। सच जल्द ही सबके सामने आएगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम काम करके जा रहे हैं तो अब राहुल गांधी देखने तो आएंगे ही। देखना ये है कि राहुल यहां आएंगे तो क्या कहते हैं।
दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार सुबह अमेठी पहुंचीं ईरानी ने केंद्रीय मंत्री ने मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला चिकित्सालय में एक दिवसीय निशुल्क अंत्योदय स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया।
गौरीगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित ग्राम प्रधानों के सम्मेलन में प्रधानों को सम्मानित कर उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान मेहनत से कार्य कर लोकतंत्र को मजबूत कर रहे है
उन्होंने कहा कि इसके पूर्व कई सरकारें आईं लेकिन इस सरकार ने महिलाओं और बहू-बेटियों की व्यथा समझी और स्वच्छ भारत अभियान चलाया, जिससे शौचालयों का निर्माण हो रहा है।
ईरानी ने कहा कि अमेठी में यह सम्मेलन एक इतिहास बन रहा है। गाँव को अपना घर-मंदिर समझें और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने मे सहयोग करें। उन्होंने कहा कि महिला का सम्मान करते हुए इज्जत घर बनवाया जा रहा है, जिसके बारे में पहले किसी ने नहीं सोचा। बताया कि अब तक 55 हजार से ज्यादा इज्जत घर का निर्माण जिले में हुआ है।