लखनऊ। सहालग के सीजन में अब शादी का अंदाज भी बदल रहा है। पहले जहां शादी के लिए महंगे गहने और डिजाइनर लहंगे खरीदे जाते थे, वहीं अब दुल्हनें और मेहमान इन्हें किराये पर लेना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बढ़ती महंगाई और तेजी से बदलते फैशन ट्रेंड के कारण मध्य वर्गीय परिवारों में यह चलन तेजी से बढ़ रहा है।
शादियों में अब सिर्फ घोड़ी या लग्जरी गाड़ियां ही किराये पर नहीं मिलतीं, बल्कि खूबसूरती भी रेंट पर मिल रही है। दुल्हनें और मेहमान लहंगे, गहने, हेयर एक्सटेंशन और डिजाइनर एक्सेसरीज किराए पर लेकर अपने लुक को खास बना रहे हैं। इस नए ट्रेंड ने ब्यूटीशियन और मेकअप आर्टिस्ट्स के लिए भी कमाई के नए रास्ते खोल दिए हैं। अब उनके यहां मेकअप के साथ-साथ रेंटल ज्वेलरी और लहंगे की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।
चौक की मेकअप आर्टिस्ट ज्योति बताती हैं कि बढ़ती महंगाई के कारण दुल्हनें महंगे लहंगे और ज्वेलरी खरीदने से बच रही हैं। ऐसे में वे किराये पर लेना बेहतर विकल्प मान रही हैं। सिंगार नगर की ब्यूटीशियन पिंकी के अनुसार, भारी गहने और लहंगे एक बार पहनने के बाद लोग दोबारा पहनना पसंद नहीं करते। इसलिए रेंटल विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
गोमतीनगर की गुंजन कहती हैं कि किराये पर गहने और लहंगे लेने से खूबसूरती भी बनी रहती है और फालतू खर्च से भी बचत होती है।
किराये पर मिलने वाले सामान की कीमत
ब्राइडल ज्वेलरी : 1500 से 5000 रुपये (प्रति फंक्शन)
हेयर एक्सटेंशन (असली बाल) : 1000 से 2500 रुपये (दो दिन)
डिजाइनर क्लच व एक्सेसरीज : 300 से 800 रुपये (प्रति इवेंट)
लहंगा और गाउन : 2500 रुपये से शुरू
एआई तस्वीर।