प्रदेश में सपा-बसपा की अगुवाई में बनने वाले महागठबंधन में राष्ट्रीय लोकदल के अलावा एक-दो छोटे दल भी शामिल हो सकते हैं। दूसरे दलों के लिए छह लोकसभा सीट छोड़ने से इसकी संभावना बढ़ गई है। पूर्वांचल में निषाद पार्टी, पीस पार्टी, अपना दल या सुभासपा को सीट दी जा सकती हैं। अभी तक की तस्वीर के मुताबिक सपा-बसपा प्रदेश में 37-37 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। शेष 6 सीट किन दलों को मिलेंगी, इसे लेकर अटकलों का दौर जारी है। वेस्ट यूपी में राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन का हिस्सा रहेगा तो पूर्वांचल में कुछ छोटे दलों को दो-तीन सीटें दी जा सकती है।
इनमें डॉ. अय्यूब की पीस पार्टी और कृष्णा पटेल के नेतृत्व वाले अपना दल को नुमाइंदगी दी जा सकती है। सियासी हल्कों में माना जा रहा है कि रायबरेली व अमेठी सीट पर गठबंधन उम्मीदवार नहीं उतारेगा। हालांकि अखिलेश यादव ने तीन दिन पहले ही रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर व प्रतापगढ़ जिलों के नेताओं को बुलाकर बैठक की थी। उनसे लोकसभा चुनाव को लेकर राय मांगी गई थी। जिस तरह तीन राज्यों के चुनावों में सपा-बसपा की कांग्रेस से तल्खी बढ़ी, उससे अटकलें यह भी हैं कि कहीं गांधी परिवार के दोनों गढ़ में गठबंधन उम्मीदवार तो नहीं उतारेगा ?