लखनऊ। राजधानी लखनऊ में विश्व युवा कौशल दिवस पर एक खास पहल की जा रही है। इसके तहत जहां दो दिवसीय युवा कौशल चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रशिक्षण पाकर आत्मनिर्भर बने युवा खुद अपनी बदली हुई कहानी युवाओं से साझा करेंगे।
वहीं 11 युवाओं को, जिन्होंने कौशल के दम पर न सिर्फ रोजगार पाया, बल्कि खुद कई लोगों के लिए नौकरी का साधन भी बने। इनको कौशल यूथ आइकन के रूप में सम्मानित भी किया जाएगा। 15 और 16 जुलाई को होने वाले इस आयोजन में युवाओं के द्वारा युवाओं के लिए बहुत कुछ उपलब्ध होगा।
कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि कार्यक्रम में पिछले तीन सालों में मिशन से प्रशिक्षित व सेवायोजित हजारों युवाओं में से चयनित 11 युवाओं को मंच दिया जाएगा। जो चौपाल में बतौर युवा वक्ता अपने अनुभव साझा करेंगे। इन सभी प्रतिभाशाली युवाओं को कौशल यूथ आइकन के रूप में सम्मानित भी किया जाएगा। इसके माध्यम से अन्य युवाओं को यह संदेश देंगे कि कौशल प्राप्त कर वे भी आत्मनिर्भर बन सकते हैं।