समायोजित किए गए शिक्षामित्रों को वेतन नहीं मिल पा रहा है जिससे उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर शुक्रवार को शिक्षामित्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शिक्षामित्रों ने अपनी मांगों का ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए अवशेष वेतन दिलाए जाने की मांग की। ऐसा न करने की स्थिति में 19 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी है।
शिक्षामित्र संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा और उपाध्यक्ष राजवीर सिंह ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपे गए ज्ञापन में लिखा है कि शिक्षामित्र से सहायक अध्यापक के पद पर समायोजित किए गए शिक्षामित्रों को वेतन, अवशेष वेतन तथा एरियर आदि कुछ भी नहीं मिल रहा है जिससे परिवार का भरण पोषण करना और दो वक्त की रोटी जुटा पाना काफी मुश्किल हो गया है।
न्यायालय के आदेश के पूर्व का वेतन और एरियर आदि का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा शिक्षामित्रों को कई महीने से मानदेय का भी भुगतान नहीं किया गया है।
यदि शिक्षामित्रों की समस्याओं को दूर नहीं किया जाता है तो वह 19 अक्तूबर से मुख्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगे। इस मौके पर अखिलेश वर्मा, आनंद कुमार वर्मा, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।