लखनऊ। काकोरी क्षेत्र में मंगलवार को 33 व 11 केवी लाइन में फॉल्ट आने से 15 गांवों में बिजली संकट रहा। करीब छह हजार उपभोक्ता छह घंटे तक परेशान रहे। बिजली न आने से पीने के पानी की भी दिक्कत रही।
जानकारी अनुसार सबसे पहले सुबह आठ बजे 33 केवी की लाइन में फॉल्ट आ गया। कर्मचारियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद इसे दुरुस्त कराया। इस बीच 11 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया, जिसे दूर करने में छह घंटे लग गए। रसूलपुर, बुधड़िया, शाहपुर, दसदोई, दुर्गागंज, टिकैतगंज, मंडौली, नया खेड़ा, सरैयां, बसरैला, जमलापुर, बहरू, अल्लूपुर और खालिदपुर जैसे गांवों के उपभोक्ता दोपहर दो बजे तक बिजली की राह देखते रहे। इस दौरान कई गांवों में इन्वर्टर भी जवाब दे गए। ग्रामीणों ने अधिकारियों को फोन कर समस्या बताई। जेई अजीत सिंह का कहना है कि दोनों लाइन के रिले में फॉल्ट आने से बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। दोपहर दो बजे तक खामी को दुरुस्त कर लिया गया।
यहां सात घंटे तक झेली परेशानी
अहिबरनपुर उपकेंद्र के तहत ब्रह्मनगर व आजमी मार्बल्स के आसपास के उपभोक्ताओं को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। अनुज त्यागी, कफील खां, शिवानंद ने बताया कि बिजली कटौती के चलते पानी की किल्लत भी हुई। बिजली आपूर्ति ठप होने से दुकानदार परेशान रहे।
-
खंभा गिरने से बाधित रही बिजली
रायबरेली रोड स्थित हैवतमऊ मवैया में प्राथमिक विद्यालय के पास लगा खंभा सोमवार को आई आंधी से गिर गया। इस कारण उपभोक्ताओं को मंगलवार तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। हालांकि, 24 घंटे बाद भी न खंभा बदला गया और न ही लाइन को दुरुस्त किया गया। क्षेत्रीय निवासी अनिल वर्मा ने बताया कि अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी राहत का काम नहीं हुआ।