लखनऊ। बंथरा में रविवार रात सराफ से हुई लाखों की लूट के मामले में पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस के हाथ अभी तक कोई अहम सुराग नहीं लगा है।
बंथरा के बनी गांव निवासी उदय की जुनाबगंज में उदय ज्वैलर्स नाम से दुकान है। रविवार रात करीब आठ बजे उदय के भाई जयसिंह दुकान बंद कर दो ग्राम सोना और 70 जोड़ी चांदी की पायल लेकर घर जा रहे थे। घर से कुछ दूर पहले ही दो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक माल लूट लिया था। एसीपी कृष्णानगर रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।