लखनऊ। अवध डिपो से सोमवार को रवाना हुई छह लग्जरी बसें बीच रास्ते तकनीकी खराबी का शिकार हो गईं। इनमें पांच बसों के एसी ने काम करना बंद कर दिया, जबकि एक ओवरहीटिंग के कारण रास्ते में रुक गई। भीषण गर्मी के बीच एसी फेल होने से यात्रियों को दरवाजे खोलकर सफर करना पड़ा। कई यात्रियों ने घुटन और उमस की शिकायत करते हुए रोडवेज के एमडी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
खराब होने वाली बसों में लखनऊ-अलीगढ़ मार्ग की यूपी 78 एफएन 7524, बढ़नी रूट की यूपी 33 एटी 5753, यूपी 33 एटी 5861, यूपी 33 एटी 5875 और लखनऊ-वाराणसी मार्ग की यूपी 14 एफटी 3802 शामिल हैं। लखनऊ से वाराणसी की यात्रा कर रहे यात्री अखिलेंद्र सिंह ने बताया कि एसी कूलिंग फेल होते ही बस भट्टी की तरह तपने लगी। यात्रियों का पसीने से बुरा हाल हो गया और राहत के लिए मुख्य दरवाजा खोलकर यात्रा करनी पड़ी।
वहीं, लखनऊ से वाराणसी जा रही बस संख्या यूपी 78 एफएन 7516 मुसाफिरखाना के पास ओवरहीट हो गई। बस रुकने पर यात्रियों को नीचे उतरना पड़ा। चालक और परिचालक ने इंजन की जांच कर उसे ठीक किया, जिसके बाद बस आगे रवाना हुई।
निजी एजेंसी के पास है रखरखाव का जिम्मा
अवध डिपो में संचालित 87 लग्जरी वातानुकूलित बसों के रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी के पास है। पर्याप्त मरम्मत और रखरखाव न होने के कारण बसों में लगातार तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं। हालत यह है कि औसतन 35 बसें रोजाना डिपो में ही खड़ी रहती हैं, जबकि सड़क पर उतरने वाली आठ से दस बसें प्रतिदिन किसी न किसी खराबी या ब्रेकडाउन का शिकार हो जाती हैं।
Iबीच रास्ते लग्जरी बसों के एसी फेल होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यात्रियों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। I
I
-अमरनाथ सहाय, प्रवक्ता, रोडवेजI