लखनऊ। मटियारी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के लॉकर काटकर करोड़ों का सोना चोरी होने के मामले में बृहस्पतिवार तड़के चार बजे तक ग्राहक जेवर की पहचान करते रहे। कुल 34 लोगों ने अपने जेवरात की शिनाख्त की। हालांकि, अभी छह ग्राहक पहचान करने नहीं पहुंचे हैं।
एसीपी विभूतिखंड विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि पहचान करने वाले ग्राहकों की ज्वैलरी अलग कर दी गई है। छह ग्राहकों को फिर से नोटिस भेजा जाएगा। उनके आने पर अलग किए गए जेवर व बाकी ज्वैलरी की पहचान कराई जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट को रिपोर्ट भेजी जाएगी। कोर्ट के आदेश पर ग्राहकों को उनके जेवर वापस किए जाएंगे।
एसीपी ने बताया कि चोरी हुए जेवर को वापस देखकर लोग खुशी से झूम उठे। ग्राहकों ने पुलिस को आभार जताया है। पुलिस की ओर से रिकवरी अच्छी हुई है।
21 दिसंबर 2024 की रात चोर मटियारी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के 41 लॉकर काटकर करोड़ों के जेवर व नकदी लेकर भाग निकले थे। मुठभेड़ में दो आरोपी मारे गए थे। इसके बाद पुलिस ने पांच को गिरफ्तार कर जेवर बरामद किए थे। सोना बरामदगी में गड़बड़ी की आशंका पर जांच के आदेश भी हुए थे। यही नहीं 13 पुलिसकर्मी लाइनहाजिर किए गए थे। अब कोर्ट के आदेश पर तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जिसमें एसीपी विभूतिखंड, इंस्पेक्टर चिनहट और मालखाना मोहर्रिर शामिल हैं। कमेटी के सामने जेवर की पहचान कराई गई है।