लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर सफाई के लिए छह करोड़ रुपये का ठेका हुआ है, लेकिन सफाई नदारद है। प्लेटफॉर्मों पर गंदगी है। नालियां बजबजा रही हैं और कूड़ा उठाया नहीं जा रहा है। बुधवार को जब डीआरएम सुनील कुमार वर्मा निरीक्षण के लिए चारबाग पहुंचे तो खामियां उजागर हो गईं। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए।
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि डीआरएम ने प्लेटफार्म चार व पांच पर चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायज़ा लिया। गार्ड लॉबी का निरीक्षण करते हुए ट्रेन संचालन में प्रयुक्त उपकरण व कार्यालय रिकॉर्ड की जांच की। पावर केबिन का निरीक्षण कर रेल संचालन की प्रणाली की जानकारी ली। कर्मचारियों से सेफ्टी मानकों का पालन करते रहने को कहा।
रनिंग रूम में अव्यवस्थाएं हावी
सेकंड एंट्री की ओर स्थित लोको पायलट, गार्ड एवं टीटीई रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। लोको पायलटों, गार्डों ने बताया कि रनिंग रूम की टोंटियां टूटी हुई हैं। शौचालय ठीक नहीं हैं। खानपान की सुविधाएं अच्छी नहीं हैं। यही वजह है कि कुछ दिन पूर्व खानपान को लेकर ठेकेदार के गुर्गों व रेलवे स्टाफ के बीच मारपीट का मामला भी सामने आया था।