सीतापुर में मछरेहटा थाना क्षेत्र के हालूपुर गांव में एक नवविवाहिता ने गुरुवार रात अपने पति की गोली मारकर हत्या कर दी। परिवार के लोगों ने उसे तमंचे के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी व एएसपी ने मामले की जांच पड़ताल की है। हालांकि वारदात का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मछरेहटा के हालूपुर गांव निवासी पुष्कर उर्फ रामचंद्र (25) पुत्र वंशगोपाल के घर में गुरुवार रात अचानक फायर की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। पुष्कर के कमरे से आहट पाकर परिवारीजन उधर दौड़े।
कमरे में देखा तो सिर में गोली लगने से पुष्कर की मौत हो चुकी थी। शव के पास में ही पुष्कर की पत्नी रूबी हाथ में तमंचा लिए खड़ी थी। ये देख परिवारीजन के होश उड़ गए। परिवार के लोगों ने शोर मचाते हुए ग्रामीणों को एकत्र किया।
रूबी को पकड़ने के साथ ही थाने में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रूबी को हिरासत में ले लिया और उसके पास से 315 बोर का तमंचा व एक खोखा बरामद कर लिया। पूछताछ में रूबी ने पति की गोली मारकर हत्या करना कुबूल कर लिया।