सड़क हादसे में जख्मी सीतापुर के जिला जज गौरी शंकर गुप्ता की मंगलवार को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।रविवार को प्रयागराज जाते समय उनकी कार रोडवेज बस से टकरा गई थी। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
गंभीर रूप से घायल जिला जज व उनके गनर को प्रयागराज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर हालत नाजुक देख जिला जज को एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेज दिया गया था। देर शाम उनके निधन की सूचना मिलते ही न्यायिक अफसरों समेत अधिवक्ताओं ने शोक की लहर दौड़ गई।
जिला जज गौरी शंकर गुप्ता बीते रविवार की सुबह एक शादी समारोह में हिस्सा लेने प्रयागराज जा रहे थे। रास्ते में फाफामऊ के करीब सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में पिसावां थाना इलाके के कुतुबनगर निवासी कार चालक निजामुद्दीन (50) की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि जिला जज व गनर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।