सीतापुर जिले के थानगांव के चंदौली गांव निवासी बालक आदित्य (8) रविवार से लापता था। बुधवार को आदित्य का शव गांव के ही बुद्धा के दरवाजे पर स्थित कुएं में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।
मृतक के पिता सुरेश के अनुसार बुधवार को खेलते समय आदित्य की छोटी बहन चांदनी ने आज शव उतराता देखा। चांदनी के शोर मचाने पर परिजनों ने कुएं से बालक के शव को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि रविवार को आदित्य उर्फ अतिब अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक गायब हो गया था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिला।
ये भी पढ़ें - यूपी में कटेंगे तीन करोड़ वोटरों के नाम: चुनाव आयोग का निर्देश, मतदाता सूची से हटाए गए नामों की दोबारा जांच करें
ये भी पढ़ें - टूटी धर्म की दीवार... एक दूसरे के हुए शहरुन खान और मोनू पासी, बोले- अब हमेशा साथ रहेंगे
इस पर गांव के पास चौका नदी होने के कारण परिवार को बालक के नदी में डूबने की आशंका हो रही थी। सोमवार को पिता ने थानगांव पुलिस को घटना के संबंध में तहरीर दी थी। थानगांव थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर बीते सोमवार को मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
उसी बालक का शव उसी के घर के करीब कुएं से बरामद हुआ है। विधिक कार्यवाही की जा रही है। क्षेत्रीय लेखपाल नरेन्द्र कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया है। इसकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जाएगी।