नगराम में धरना देते किसान और पूर्व सैनिक।
नगराम। कमालपुर बिचलका से कुबहरा गांव तक कच्ची सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर किसानों का धरना बृहस्पतिवार को 16वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन में पूर्व सैनिक भी शामिल हुए। सेवानिवृत्त सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने धरनास्थल पहुंचकर किसानों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित की इस लड़ाई में पूर्व सैनिक किसानों के साथ हैं। वहीं, लोक निर्माण के अभियंता वादा करके भी धरनास्थल पर बातचीत करने नहीं पहुंचे।
किसान नेता हरिपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने जानकारी दी है कि लोक निर्माण विभाग की टीम शुक्रवार दोपहर 12 बजे किसानों से वार्ता करने आएगी। उनका कहना है कि किसानों को आश्वासन नहीं, सड़क का डामरीकरण चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शुक्रवार दोपहर तक समाधान नहीं हुआ तो किसान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव नहीं मनाएंगे। धरने में किसान नेता दिनेश यादव, साहब दीन फौजी रमेश कुमार, राम सिंह, रामकुमार आदि मौजूद रहे।