भाभी पर चाकू से हमला, केरोसिन डालकर हत्या की कोशिश
आलमबाग के पंजाब नगर रेलवे कॉलोनी में परबीन बानो पर उनके देवर रिजवान अंसारी ने चाकू से हमला किया। इसके बाद केरोसिन उड़ेलकर जलाने की कोशिश की।
लपटों में घिरी पीड़िता किसी तरह जान बचाकर बाहर भागी। पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी और आग पर काबू पाकर परबीन को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
पीड़िता के भाई की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक आलमबाग आनंद कुमार शाही के मुताबिक, नवाजस अंसारी की पत्नी परवीन बानो तीन बच्चों आयशा, अमन व साढ़े तीन वर्ष के रिहान व सास संग रहती हैं।
सोमवार तड़के देवर रिजवान ने नशे की हालत में परवीन के गले में चाकू मार दिया और केरोसिन डालकर आग लगा दी।
परबीन व बच्चों की चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने कंट्रोल नंबर पर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस ने घायल महिला को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां से ट्रॉमा रेफर कर दिया गया।
पीड़िता के भाई ताज मंसूरी ने बताया कि बहनोई नवाजस अंसारी दहेज की मांग पूरी न होने पर बहन को छोड़कर अलग किराए पर मकान लेकर रह रहा है।
इसके चलते सास व देवर मिलकर आए-दिन परवीन को परेशान करते थे। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।