रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी पर प्रख्यात गायिका स्वाति मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगरी हो अयोध्या सी रघुकुल सा घराना हो गाकर सभी को भावविभोर कर दिया।
उन्होंने कहा कि अयोध्या कितनी सुंदर है मै भी यहां रहना चाहती हूं। पूछा कि आप बताएं कि आप को भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या कैसी लगती है। मंच से उन्होंने कहा यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि आज भगवान राम के सामने उन्हें गाने का मौका मिला है।
उन्होंने कहा भगवान राम के गीतों को गाकर जो सुख आज मिला है, वह पहले कभी नहीं मिला। स्वाति के अयोध्या और श्रीराम के प्रति इस भाव को सुनकर रामभक्त खुश हो गए।
अंगद टीला के प्रांगण में सार्वजनिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में रामलीला हुई। इसके बाद गायिका स्वाति मिश्रा के भक्ति गीत सुनकर श्रोता तालियां बजाते रहे। उन्होंने सबसे पहले राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान पूरा पांडाल तालियों से गूंज उठा और लोग झूमने लगे।