केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सिंधी समाज को मिले, इसे लेकर एक बैठक का आयोजन गोमतीनगर के एक होटल में किया गया। इस दौरान यह भी फैसला लिया गया कि सिंधी पंचायतें एकजुट होकर जातीय जनगणना के लिए समाज के लोगों को जागरूक करेंगी।
राजधानी की सिंधी पंचायतों के प्रमुखों की मौजूदगी में हुई बैठक में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी हर्षवर्धन ने सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। आवास योजना के साथ ही आर्थिक रूप से विपन्न परिवारों की कन्याओं की शादी के लिए मिलने वाले अनुदान आदि की जानकारी दी गई।
इस दौरान समाज के संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने तय किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए समाज के लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही जातीय जनगणना में शामिल होने के लिए सिंधी बाहुल्य क्षेत्रों में अभियान चलाकर जानकारी प्रसारित की जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से नव निर्वाचित केंद्रीय कमेटी के संयोजक चुने गए प्रदीप राजपाल के अलावा डॉक्टर अनिल चंदानी व तरुण संगवानी ने जानकारी दी कि जल्द ही लखनऊ समेत उतर प्रदेश में सिंधी समाज की केंद्रीय कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी का कार्यालय जल्द ही लालबाग स्थित कस्तूरबा नारीशाला में खुलेगा जिसमें सिंधी समाज के लोगों के लिए सरकार की जन कल्याण योजनाओं से जोड़ने की मुहिम को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदीप राजपाल ने बताया कि जातीय जनगणना में लखनऊ सहित प्रदेशभर के सिंधी समाज को जागरूक किया जाएगा ताकि सरकार को सिंधी समाज का सही आंकड़ा मिल सके। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद श्याम किशनानी और राकेश लधानी को सम्मानित किया गया। सिंधी पंचायतों के प्रमुखों में महेश गुरनानी, अशोक चंदवानी, हंसराज चंदानी, राकेश भागवानी, वासुदेव सचदेवा, भीमन दास, कन्हैया लाल, अशोक चंदवानी, अशोक अरोरा और सामाजिक परिवर्तन संघर्ष समिति के अनिल चंदानी, तरुण सांगवानी, दुनी चंद, प्रदीप राजपाल आदि मौजूद रहे।