उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन में बड़े स्तर पर बदलाव का संकेत दिया है। उन्होंने अफसरों से कहा कि सही कार्य के लिए सही व्यक्ति की सही जगह तैनाती होनी चाहिए। समझा जाता है सीएम अफसरशाही में जल्दी ही फेरबदल की शुरुआत कर सकते हैं।
मुख्य सचिव के लिए राजीव कुमार का नाम चर्चा में
सीएम के साथ बैठक के बाद से अफसरशाही में मुख्य सचिव के भी बदलने की अटकलें तेज हो गईं हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत 1981 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजीव कुमार-प्रथम का नाम अफसरशाही की सबसे बड़ी कुर्सी के लिए सबसे आगे है। कुमार केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय में सचिव हैं। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी देवेश चतुर्वेदी का नाम चर्चा में है। चतुर्वेदी कार्मिक मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। ये दोनों अधिकारी पिछली सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए थे।