ऊंचाहार (रायबरेली)। सिग्नल फेल होने से ऊंचाहार-उन्नाव रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। कस्बे की रेलवे क्रॉसिंग पर हुई इस गड़बड़ी से कानपुर-प्रयागराज स्पेशल एक घंटे तक आउटर पर खड़ी रही। स्टेशन से करीब एक किमी दूर खड़ी इस गाड़ी के काफी देर तक न चलने पर ऊंचाहार आने वाले यात्री आउटर पर ही उतर गए। दूसरी तरफ ऊंचाहार स्टेशन पर खड़े यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
घटना सोमवार को सुबह उस समय हुई, जब कानपुर-प्रयागराज स्पेशल ऊंचाहार स्टेशन पहुंचने वाली थी। ट्रेन के आने का संकेत होने पर रास्ता क्लियर करने के लिए सिग्नल देने का प्रयास किया गया, लेकिन लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित क्रॉसिंग के पास लगे सिग्नल ने काम नहीं किया। इससे पहले कि सिग्नल चालू हो पाता, कानपुर-प्रयागराज स्पेशल क्रॉसिंग के निकट पहुंच गई।
सिग्नल न मिलने के कारण ट्रेन आउटर पर ही खड़ी हो गई। पहले तो यात्री इस उम्मीद में थे कि सिग्नल मिलते ही गाड़ी आगे बढ़ेगी और ऊंचाहार स्टेशन पहुंच जाएगी, लेकिन काफी देर तक ट्रेन न चलने और सिग्नल में खराबी का पता चला तो ऊंचाहार स्टेशन आने वाले यात्री आउटर पर ही उतर कर पैदल चल दिए।
इधर काफी प्रयास के बाद भी सिग्नल नहीं दिया जा सका तो ऊंचाहार स्टेशन से कर्मचारियों की टीम फाल्ट खोजने निकली। फाल्ट का पता चलने पर उसे ठीक किया गया, फिर सिग्नल मिलने पर ट्रेन आगे बढ़ी और ऊंचाहार स्टेशन पहुंची। यात्री राधेश्याम, शुभम, मो. जावेद, रोशनी, पूर्णिमा सिंह, दिलदार अहमद, राकेश कुमार, नूर अहमद, जोगेश सिंह ने बताया कि स्टेशन पर एक घंटे तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
वरिष्ठ खंड अभियंता (संकेत) तौसीफ हुसैन ने बताया कि ओवरब्रिज के नीचे स्थित क्रॉसिंग संख्या 44-ए पर किसी ने छेड़छाड़ कर दी, जिससे गेट पूरी तरह बंद नहीं होने से सिग्नल काम नहीं कर रहा था। खराबी का पता चलते ही उसे ठीक कर दिया गया, जिससे सिग्नल मिलते ही ट्रेन चला दी गई।
नौचंदी ट्रेन के इंतजार में 20 मिनट खड़ी रही गंगा गोमती
ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार-रायबरेली रेल मार्ग का दोहरीकरण न होने की वजह से ट्रेनों के आवागमन में दिक्कत होती है। सोमवार को गंगा गोमती एक्सप्रेस ऊंचाहार स्टेशन पर 20 मिनट तक खड़ी रही। नौचंदी एक्सप्रेस का इंतजार किया जा रहा था। प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस ऊंचाहार रेलवे स्टेशन पहुंची, लेकिन उसे यहीं पर रोक लिया गया।
वजह यह कि सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस लक्ष्मणपुर स्टेशन से रवाना हो चुकी थी। नौचंदी एक्सप्रेस के ऊंचाहार स्टेशन आने तक गंगा गोमती एक्सप्रेस को रवाना नहीं किया जा सकता था। नौचंदी एक्सप्रेस ऊंचाहार पहुंची तो गंगा गोमती एक्सप्रेस को चलाया गया। स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठी ने बताया कि नौचंदी के इंतजार में गंगा गोमती एक्सप्रेस कुछ ज्यादा देर तक खड़ी रही।