लालगंज (रायबरेली)। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाने में दो अधिकारियों के बीच मारपीट से पूरे दिन अफरातफरी मची रही। मामले को लेकर यूनियन के कर्मचारियों ने डिप्टी सीएमई आईटी के निलंबन की मांग को लेकर धरना दिया।
कारखाने के दूरसंचार विभाग में सीनियर सेक्शन इंजीनियर पद पर तैनात संतोष मौर्या और डिप्टी सीएमई आईटी अमित कुमार सिंह के बीच सोमवार को विवाद हुआ। इसे लेकर सीनियर सेक्शन इंजीनियर संतोष मौर्या ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि सुबह वह ऑफिस में काम कर रहे थे। उसी समय को डिप्टी सीएमई आईटी अमित कुमार सिंह ने उसके चेंबर में पहुंच कर उनकी पिटाई कर दी। जिससे उन्हें चोट आईं।
उन्हें रेलवे के अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें सीएचसी रेफर किया गया। साथी कर्मचारी उन्हें एंबुलेंस से लालगंज अस्पताल लाए जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डिप्टी सीएमई आईटी अमित कुमार सिंह को भी लखनऊ के रेलवे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद कर्मचारियों ने डिप्टी सीएमई के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह ने बताया कि कर्मचारी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की पड़ताल की जाएगी। उधर इस बाबत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आरएन तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराई जा रही है।