एमएसएमई मंत्री और प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है, जिसके बदौलत कोरोना महामारी से भारत जीतेगा। भारत को बचाना है की नीति के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं, लेकिन विपक्षी राजनीतिक दलों के नेता प्रियंका गांधी और अखिलेश नकारात्मक बयानबाजी कर सियासी रोटियां सेंकने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरों को नसीहत देने के बजाय प्रियंका गांधी को कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करनी चाहिए। वे लॉकडाउन आगे बढ़ाने या न बढ़ाने को लेकर राहुल गांधी और सोनिया गांधी तक से तो बात तक नहीं करतीं। जब आपस में ही खटपट है, फिर दूसरों को नसीहत क्यों दे रही हैं।
अखिलेश यादव को लेकर सिद्धार्थनाथ ने कहा कि सपा प्रमुख ने एक दिन भी सकारात्मक सुझाव नहीं दिया। उन्होंने हमेशा नकारात्मक बयानबाजी कर राजनैतिक स्वार्थ लेने का प्रयास किया है।