लखनऊ। अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अपने गृहनगर लखनऊ में पांच दिन के प्रवास के बाद शुक्रवार की शाम पत्नी कामना और बेटे कियांश के साथ बंगलूरू रवाना हो गए। वापसी में शुभांशु अपने साथ माता-पिता और परिजनों के आशीष और दुलार के साथ लखनऊ के लोगों का बेशुमार प्यार समेट कर ले गए। इन पांच दिनों के दाैरान शुभांशु जहां गए, लोग दीवानों की तरह उनसे मिले। लोगों ने खुलकर कहा कि अंतरिक्ष की कामयाब यात्रा से लाैटे शुभांशु की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर नागरिक को गर्व है।
शुक्रवार को सुबह चाक-चाैबंद सुरक्षा के बीच शुभांशु त्रिवेणीनगर स्थित अपने पैतृक घर पहुंचे तो मोहल्ले के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शुभांशु के दिल के बेहद करीबी और माैसेरे भाई आशीष दीक्षित समेत मोहल्ले के लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। शुभांशु ने माता-पिता के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। युवाओं ने चहकते हुए उनके साथ सेल्फी ली। इस दौरान शुभांशु का पूरा घर फूलों से सजाया गया था।
शुभांशु को देखते ही सबके चेहरे खिले, पहले मोहल्ले के लोगों में थी मायूसी
दरअसल, देश के आगामी महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशनों को देखते हुए शुभांशु को विशेष सुरक्षा में नैमिषारण्य वीआईपी गेस्टहाउस में रखा गया था। सुरक्षा कारणों से उन्हें घर पर नहीं ठहराया गया। माता-पिता, पत्नी व बेटा सभी यहीं ठहरे हुए थे। इसको लेकर त्रिवेणी नगर के लोगों में मायूसी थी। सभी चाहते थे कि उनके मोहल्ले का हीरो, जो त्रिवेणीनगर में बड़ा हुआ और अंतरिक्ष तक पहुंचा, एक बार जरूर कॉलोनी का चक्कर लगाएं।
युवाओं ने कहा- शुभांशु भैया हैं जीवित ध्रुवतारा
मिशन एक्जिओम-4 के तहत शुभांशु की अंतरिक्ष यात्रा से कामयाब वापसी के बाद मोहल्ले में हर कोई गाैरवान्वित महसूस कर रहा था। सभी शुभांशु की कामयाबी को जैसे अपनी कामयाबी की तरह सेलिब्रेट कर रहे थे। शुक्रवार को जब शुभांशु अपने घर पहुंचे तो युवक अविचल बाजपेयी ने कहा कि यह हम सब के लिए गर्व का क्षण है। शुभांशु भैया हम सबके लिए आदर्श और जीवित ध्रुवतारा की तरह हैं। युवती राखी ने कहा कि शुभांशु को देखकर लगातार मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं। उनसे मिलने की खुशी बयां कर पाना मुमकिन नहीं।
लखनऊ में ऐसे बीते पांच दिन
शुभांशु शुक्ला 25 अगस्त को सुबह 8:45 पर वह अपने गृहनगर लखनऊ पहुंचे थे। पहले दिन वह सुबह से दोपहर तक सीएमएस गोमतीनगर विस्तार के कार्यक्रम में शामिल हुए, शाम को लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुए थे। दूसरे दिन सुबह सीएमएस अलीगंज शाखा गए। वहां विद्यार्थियों से संवाद किया। इसके बाद शाम को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से परिवार के साथ भेंट की थी। तीसरे व चौथे दिन वह गेस्टहाउस में रहे। पांचवें दिन शुक्रवार को एमएलसी पवन सिंह चाैहान, कांग्रेस नेता व पार्षद मुकेश सिंह चाैहान समेत नगर के तमाम लोगों ने उनसे मुलाकात की। शाम चार बजे वह अपनी पत्नी कामना और बेटे कियांश के साथ बंगलूरू रवाना हो गए।
सीआईएसएफ ने जोश के साथ किया शुभांशु का स्वागत
लखनऊ। बंगलूरू जाने के दौरान शुभांशु का अमौसी एयरपोर्ट स्थित सीआईएसफ कैंप की न्यू यूनिट लाइन, एएसजी में सीआईएसएफ के कर्मियों ने स्वागत किया और उनसे संवाद भी किया। उप कमांडेंट इंगले अभिषेक नारायण, उप कमांडेंट कुंअर अभिषेक सिंह समेत 324 सीआईएसएफ कर्मियों की माैजूदगी में शुभांशु व उनके परिवार को सम्मानित किया गया। -संवाद
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपने घर गए।