श्रावस्ती। भू राजस्व वादों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में श्रावस्ती को दिसंबर में प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। इसके लिए डीएम ने अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही उन्हें और मेहनत से काम करते हुए जिले को टाॅप वन सूची में बनाए रखने की सलाह दी।
यह जानकारी देते हुए डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि भू-राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण के मामले में शासन से जारी रैंक में श्रावस्ती को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। दिसंबर में शासन के निर्देश पर जारी राजस्व वादों के निस्तारण के बाद यह सूची जारी की गई है। इसमें धारा-67 व धारा 116 के तहत कुल योजित वादों के मुकाबले लंबित विचाराधीन वादों के निस्तारण में यह स्थान मिला है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के न्यायालयों में लंबित वादों के मामलों की शासन द्वारा नियमित रूप से मॉनिटरिंग होती है। सभी न्यायालयों में लंबित व नए राजस्व वादों की नियमित समीक्षा व राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई।
इससे राजस्व न्यायालय कंप्यूटरीकृत प्रणाली (आरसीसीएमएस) के पोर्टल पर दिसंबर में प्रदेश स्तरीय जारी रैंकिंग में नए दायर वादों की संख्या के मुकाबले वादों के निस्तारण में श्रावस्ती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा भू-राजस्व की विभिन्न धाराओं में टॉप-10 में जगह बनाई रही। इसमें धारा-34 के तहत कुल लंबित विचाराधीन वादों के निस्तारण में जिला 9वें स्थान पर है। इसके साथ ही सभी न्यायालयों के सापेक्ष में लंबित वादों का प्रति न्यायालय औसत का विगत माह के औसत में अंतर के मानक पर प्रदर्शन में जिला सातवें स्थान पर है। इसके लिए सभी राजस्व अधिकारी व कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्हें इसी लगन और मेहनत के साथ जिले की यह रैंकिंग बनाए रखनी होगी।