श्रावस्ती जिले के खपरीपुर गांव में कार्यक्रम प्रस्तुत कर मंगलवार को वापस बेड़सरी लौट रहे दंपति की बाइक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। भिनगा के दहाना तिराहे के निकट घटी घटना में बाइक सवार दंपत्ति घायल हो गए। जिन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक सहित चालक को हिरासत में ले लिया है।
फर्रुखाबाद जिले के थाना शमशाबाद अंतर्गत ग्राम नीबलपुर निवासी शेषकुमारी (35) नर्तकी है। जो अपने पति भोजराम के साथ सोनवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर (बेड़सरी) गांव में किराए के मकान में रहती थी। सोमवार शाम वह पति के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में नृत्य करने सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम खपरीपुर गई थी। जहां से दंपत्ति मंगलवार को बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही भोजराम बाइक लेकर भिनगा नगर स्थित पटेल तिराहा पहुंचा तभी सिरसिया से भिनगा की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
घटना में दंपत्ति घायल हो गए। इस दौरान शेष कुमारी के सिर पर गंभीर चोट आई। घायल दंपत्ति को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने शेषकुमारी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने ट्रक सहित चालक को हिरासत में ले लिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक भिनगा भानु प्रताप सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अतिक्रमण ने ली एक और जान
भिनगा नगर में अतिक्रमण का बोलबाला है। सबसे खराब स्थिति दहाना की है। जहां मार्ग की दोनों पटरियों पर दुकानदार काबिज हैं। इतना ही नहीं मार्ग सहित पटरी पर दर्जनों की संख्या में डग्गामार वाहन खड़े रहते हैं। जहां से सिरसिया, लक्ष्मणपुर व ताल बघौड़ा सहित बहराइच के लिए सवारी बैठाते उतारते हैं। ऐसे में मार्ग काफी संकरा हो जाता है। यहां अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसा नहीं है कि यहां सुरक्षाकर्मियों की तैनाती नहीं रहती। इसके बावजूद न तो डग्गामार वाहनों को हटाया जा रहा है और न ही अतिक्रमणकारियों पर कोई कार्रवाई हो रही है। इसके चलते जहां रविवार को खैरी मोड़ पर बाइक सवार किशोर की बस से कुचल कर मौत हो गई थी। वहीं मंगलवार को शेष कुमारी को अपनी जान गंवानी पड़ी।