लखनऊ। लखनऊ ज़िला डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से नृत्यांजलि डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन रविवार को बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट में किया गया। यह प्रतियोगिता विशेष रूप से दिव्यांगजनों और मलिन बस्तियों के बच्चों को समर्पित रही, जहां 110 प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रस्तुतियों से यह साबित कर दिया कि अवसर मिलने पर वे किसी से कम नहीं। मंच पर उनकी ऊर्जा, आत्मविश्वास और समर्पण ने दर्शकों को भावुक कर दिया और कई प्रस्तुतियां देर तक तालियों की गूंज बटोरती रहीं। मौके पर लखनऊ विश्वविद्यालय में अध्ययनरत श्रीलंका की छात्रा एन.के. समनमाली ने अपनी प्रस्तुति से आयोजन में अंतरराष्ट्रीय रंग भर दिया। इस अवसर पर बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पेलियोबॉटनी के निदेशक प्रो. महेश ठक्कर, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक संजय स्वामी, इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह और बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केबी पंत ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। मौके पर बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन, सचिव कमल जोशी समेत अन्य मौजूद रहे।