रायबरेली। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से राजस्व वसूली, उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण का जायजा लेने मंगलवार को डायरेक्टर कामर्शियल योगेश कुमार हरचंदपुर पहुंचे। सबसे पहले उपकेंद्र में पहुंचकर उपकरणों को देखा। बिजली आपूर्ति रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर को चेक किया। उपखंड अधिकारी के यहां नहीं बैठने पर नाराजगी जताई। कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो, इसके लिए हरचंदपुर विद्युत उपकेंद्र में जर्जर भवन की मरम्मत कराकर उपखंड कार्यालय खोला जाए, ताकि उपभोक्ताओं को शिकायत लेकर इधर-उधर भटकना न पड़े। इसके बाद हरचंदपुर कस्बे में लगे कैंप में पहुंचे। यहां राजस्व वसूली, शिकायतों के निस्तारण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कनेक्शन लेने के बाद एक बार बिजली का बिल नहीं जमा करने वाले उपभोक्ताओं से बिजली का बिल जमा कराए। बड़े बकायेदारों को नोटिस भेजी जाए। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता वाईएन राम, एक्सईएन एके सिंह समेत अन्य अभियंता मौजूद रहे।
रायबरेली। शहर में बिजली चोरों पर शिकंजा कसने के लिए उपखंड अधिकारी सौरभ जायसवाल, अवर अभियंता रविकांत पाल और प्रवर्तन दल प्रभारी अरविंद कुमार राय ने शहर में छापामारी करके तेलियाकोट में तीन, प्रगतिपुरम में एक घर में बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्र में बकाया नहीं जमा करने वाले 292 लोगों के कनेक्शन काटे। इसी तरह महराजगंज में छह लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। गदागंज में कैंप लगाकर शिकायतों का निराकरण किया गया। आठ लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। इनके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।