केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग की ओटी में बुधवार को शॉर्ट-सर्किट से पैनल में धमाके के साथ धुआं भर गया। ओटी के बाहर मौजूद मरीजों को आनन फानन वार्ड में शिफ्ट कराया गया। कई ऑपरेशन टाल दिए गए। गुरुवार सुबह ओटी को विसंक्रमित कराकर ऑपरेशन किए गए।
केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में ऊपरी तल पर ओटी है। बुधवार शाम चार बजे के करीब शॉर्ट-सर्किट से पैनल में धमाका हुआ। इससे वहां पर धुआं भर गया। पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में मरीजों व तीमारदारों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन गार्ड व स्टाफ ने तीमारदारों संग मिलकर मरीजों को शिफ्ट कर आग पर काबू पाया।
वहीं, केजीएमयू प्रशासन ने इस मामले को पूरी तरह से दबा गए। देर रात ओटी विसंक्रमित कर गुरुवार सुबह दोबारा शुरू कराई गई। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि हादसे में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। शॉर्ट-सर्किट से हुआ था। फायर उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। किसी भी मरीज का ऑपरेशन टलने की बात सामने नहीं आई है।