दीपावली से पहले ही करवाचौथ की ग्राहकी से बाजारों में खुशियां दौड़ गईंं। सराफा, बर्तन, कपड़ा, सौंदर्य प्रसाधन सहित अन्य बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। उम्मीद से अधिक ग्राहकी से लखनऊ के कारोबारी गदगद हैं। कारोबारियों की माने तो पिछले आठ दिन में 500 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
करवा चौथ पर्व के चलते 27 अक्तूबर से 4 नवंबर तक डायमंड, सोने, चांदी के आभूषण और सोने और चांदी के करवा खूब बिके। इनमें अनब्रांडेड गहने 200 करोड़, ब्रांडेड 100 करोड़ रुपये के बिकने का अनुमान है। ब्रांडेड गहनों में कीमती सेट पांच-पांच लाख रुपये कीमत के डायमंड के महिलाएं खरीद कर ले गई।
लखनऊ सर्राफा एसोसिएशन के संगठन सचिव आदेश कुमार जैन ने बताया कि नवंबर की एक से चार तारीख तक अनब्रांडेड आभूषण के चौक, अमीनाबाद, आलमबाग, गोमती नगर, इंदिरा नगर, तेलीबाग व आशियाना, मोहनलालगंज बख्शी का तालाब स्थित दुकानों और शोरूम में जमकर भीड़ रही।