खुली सिगरेट की बिक्री के खिलाफ चल रही छापामारी से नाराज परचून के दुकानदार ने सीएमओ को कॉल करके रंगदारी मांगी। बोला कि छापामारी करके बहुत कमा रहे हो, कुछ हमें दो, वरना अंजाम भुगतोगे।
वजीरगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वजीरगंज कोतवाली के एसआई नारदमुनि सिंह ने बताया कि सीएमओ एसएनएस यादव को शुक्रवार सुबह 10:38 बजे अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके रंगदारी मांगी।
इस पर सीएमओ ने अपनी सुरक्षा में तैनात हेडकांस्टेबल रामखिलावन की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को रंगदारी मांगने के साथ जानमाल की धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल नंबर बताया।
इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के जरिये छानबीन शुरू की गई। पता चला कि सीएमओ को चिनहट के गणेशपुर रहमानपुर के गांव ढोकलपुर निवासी विनय यादव ने कॉल की थी। ब्यौरा जुटाकर पुलिस टीम ने दबिश दी और विनय को गिरफ्तार करके मोबाइल फोन बरामद किया।